भोपाल: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर घोटालों को लेकर बहस तेज हो गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में निवेश के आंकड़ों को लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
कमलनाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में बड़े-बड़े निवेश के दावे पेश किए, जिसमें करीब 4.91 लाख करोड़ रुपये के निवेश और हजारों लोगों को रोजगार मिलने की बात कही गई। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही हैं।
उनका कहना है कि जिन फैक्ट्रियों को आधार बनाकर निवेश और रोजगार के आंकड़े दिखाए गए, उनमें से कई जमीनी हकीकत में संचालित ही नहीं हो रही हैं। ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर ये आंकड़े कहां से आए और कितने सही हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि प्रदेश की साख से जुड़ा हुआ है। अगर निवेश और रोजगार के फर्जी दावे किए जा रहे हैं, तो इससे न सिर्फ देश बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मध्य प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के दावों से प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के साथ भी अन्याय हो रहा है, जो रोजगार की उम्मीद में सरकारी घोषणाओं पर भरोसा करते हैं।
कमलनाथ ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह जनता को भ्रमित करना बंद करे और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।







