बसना में ‘छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा’ का जोरदार स्वागत, बाहरी शोषण के खिलाफ फूटा गुस्सा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज के नेतृत्व में निकाली जा रही छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा आज बसना क्षेत्र के कई गांवों में पहुंची, जहां इसे लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला। यात्रा ने घनापाली, परसबोल, भंवरपुर, झारबंद, पंडरीपाली, तरेकेला, बिजराभाठा, पीरदा और बरेकेल जैसे गांवों का दौरा किया।

रथ यात्रा का नेतृत्व राज्य निर्माण संग्राम सेनानी लाला राम वर्मा के साथ अशोक कश्यप, बृजबिहारी साहू, चूड़ामणी पटेल और दासरथी चौहान ने किया। घनापाली में सैकड़ों किसानों, युवाओं और महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान 100 से अधिक लोगों ने संगठन की सदस्यता भी ली।

हर गांव में रथ यात्रा का स्वागत गुलाल, फूल-मालाओं और जोश के साथ किया गया। सभाओं को संबोधित करते हुए लाला राम वर्मा ने कहा कि बसना ब्लॉक के गांवों ने पहले भी राज्य निर्माण आंदोलन और 170(ख) के विरोध में अहम भूमिका निभाई है और इतिहास रचा है।

उन्होंने कहा कि यह रथ यात्रा छत्तीसगढ़ी अस्मिता की रक्षा और शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर निकाली जा रही है।

वहीं चूड़ामणी पटेल ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान और अधिकारों की लड़ाई है, जिसमें किसान, युवा और महिलाएं पूरी ताकत के साथ जुड़ रहे हैं।

सभा को बृजबिहारी साहू, दासरथी चौहान और लक्ष्मी नारायण निषाद ने भी संबोधित किया और लोगों से एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने की अपील की।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment