बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में धर्मांतरण के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। आरोप है कि डायल-112 के एक पायलट ने अपने रिश्तेदार के परिवार पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और विरोध करने पर अपने साथियों के साथ मिलकर उनके घर में हमला कर दिया।
यह पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरा पारा का बताया जा रहा है।
रिश्तेदारी में शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, कुंदरा पारा में रहने वाले मोहितराम खांडे अपने परिवार के साथ रहते हैं। पास ही उनके रिश्तेदार तोमन खांडे भी रहते हैं, जो डायल-112 में पायलट के रूप में कार्यरत हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि तोमन खांडे पिछले कई वर्षों से ईसाई धर्म का पालन कर रहे हैं और वे लगातार उन्हें भी धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बना रहे थे। परिवार ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ता गया।
होली के दिन मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि होली के दिन तोमन खांडे कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान परिवार के साथ मारपीट की गई और घर में तोड़फोड़ भी की गई।
परिवार का यह भी दावा है कि घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है।
डर के कारण घर नहीं लौट पा रहा परिवार
घटना के बाद पीड़ित परिवार की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा की मांग की। उनका कहना है कि घटना के बाद से वे करीब 12 दिनों से डर के कारण अपने घर नहीं लौट पाए हैं।
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा था, लेकिन उस समय धर्मांतरण से जुड़ा कोई आरोप सामने नहीं आया था। उन्होंने जमीन विवाद की बात कही थी।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही है।
आरोपी ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, तोमन खांडे ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि जमीन से जुड़े विवाद के कारण मोहितराम खांडे और उनके परिजनों ने ही उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की।
उनके मुताबिक, घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचा और करीब 80 से 90 हजार रुपए की नगदी और जेवर भी गायब हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस
इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



