ईरान में सत्ता संकट गहराया? नए सुप्रीम लीडर अराफी की मौत

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

तेहरान/तेल अवीव। मध्य पूर्व में तनाव अपने चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। अमेरिका और इजराइल के साथ बढ़ते टकराव के बीच ईरान को लेकर एक और बड़ा दावा सामने आया है। अमेरिका के एक पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी (NSA) ने दावा किया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर अली रेजा अराफी की भी मौत हो चुकी है। हालांकि, तेहरान की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।

इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा था कि अमेरिकी और इजरायली हमलों में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद एक नई नेतृत्व परिषद ने कार्यभार संभाल लिया है। इस तीन सदस्यीय परिषद में स्वयं पेजेशकियान, न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेही, और अयातुल्ला अली रेजा अराफी शामिल बताए गए थे।

कुवैत में अमेरिकी F-15 गिराने का दावा

तनाव के इस माहौल में ईरान की ओर से बड़ा सैन्य दावा भी किया गया है। ईरानी सूत्रों का कहना है कि कुवैत के ऊपर एक अमेरिकी F-15 फाइटर जेट को ड्रोन हमले में मार गिराया गया है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

समाचार एजेंसियों के अनुसार, कुवैत स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर से धुआं उठता देखा गया, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।

दुबई के बाद कुवैत पर निशाना?

बताया जा रहा है कि रविवार को ईरान ने दुबई पर भी हमले किए थे। अब कुवैत को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों की मौजूदगी के कारण हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं।

बहरीन में रेड अलर्ट, ब्रिज बंद

तनाव का असर बहरीन में भी दिख रहा है। वहां के गृह मंत्रालय ने एयर रेड अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। राजधानी मनामा को अन्य शहरों से जोड़ने वाला शेख खलीफा बिन सलमान ब्रिज एहतियातन बंद कर दिया गया है। लोगों को केवल अत्यावश्यक स्थिति में ही मुख्य सड़कों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

मध्य पूर्व में तेजी से बदलते घटनाक्रम ने वैश्विक समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। ईरान के नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता और अमेरिकी ठिकानों पर हमलों के दावे इस संघर्ष को और गंभीर बना सकते हैं। आधिकारिक पुष्टि और स्वतंत्र सत्यापन का इंतजार है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment