रायपुर।छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी कमलोचन कश्यप को एक बार फिर अहम जिम्मेदारी सौंपी है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उन्हें पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ रायपुर में OSD (विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी) के पद पर संविदा नियुक्त किया गया है।
कमलोचन कश्यप हाल ही में डीआईजी (DIG) पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद शासन ने उनके लंबे प्रशासनिक और पुलिस सेवा अनुभव को ध्यान में रखते हुए उन्हें दोबारा सिस्टम में शामिल किया है।

यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 के नियम 4(4) के तहत की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी संविदा नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से एक वर्ष की अवधि या आगामी आदेश तक (जो पहले हो) प्रभावी रहेगी।
हालांकि, उनकी संविदा सेवा से जुड़ी विस्तृत शर्तें अलग से जारी की जाएंगी। माना जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय में OSD के रूप में कमलोचन कश्यप की भूमिका नीतिगत समन्वय और प्रशासनिक कार्यों में अहम होगी।







