टी-20 क्रिकेट मुकाबलों से ठीक पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। गंज थाना पुलिस की कार्रवाई में चार शातिर सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकद राशि, कई मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जब्त मोबाइलों की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़े अहम डिजिटल सबूत मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी jmdbet777.com और classic777.com जैसी अवैध ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइटों से जुड़े हुए थे। ये लोग मास्टर आईडी तैयार कर लोगों को क्रिकेट सट्टा खेलने के लिए जोड़ते थे और हर लेन-देन पर कमीशन के जरिए मोटी कमाई कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के तार महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत कई अन्य राज्यों से जुड़े पाए गए हैं। लेन-देन के लिए हवाला और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किए जाने के सबूत भी मिले हैं, जिस पर अब वित्तीय एजेंसियों के साथ मिलकर गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी पहले भी जुआ और सट्टेबाजी के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ गंज थाना में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस नेटवर्क से जुड़े ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ भी जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान किसी भी तरह की सट्टेबाजी को रोकने के लिए पुलिस की निगरानी और सख्त की गई है।



