चीन में 11 दोषियों को मौत की सजा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बीजिंग।राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भ्रष्टाचार और संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत चीन ने गुरुवार को बड़ा कदम उठाया। चीनी प्रशासन ने म्यांमार से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े 11 दोषियों को मृत्युदंड देकर फांसी पर लटका दिया। इस कार्रवाई के बाद चीन की सेना और सरकारी तंत्र से जुड़े कई विभागों में हड़कंप मच गया है।

म्यांमार आधारित स्कैम नेटवर्क पर सीधी कार्रवाई

ब्रिटिश अखबार द गार्जियन और चीनी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फांसी पाए सभी दोषी म्यांमार के उत्तरी क्षेत्र में सक्रिय कुख्यात “मिंग फैमिली क्रिमिनल सिंडिकेट” का हिस्सा थे। यह गिरोह वर्ष 2015 से सीमा पार टेलीकॉम फ्रॉड, अवैध ऑनलाइन जुआ, हत्या, गैरकानूनी हिरासत और संगठित अपराधों में संलिप्त रहा है। इन आपराधिक गतिविधियों में कम से कम 14 चीनी नागरिकों की जान जाने की पुष्टि हुई थी।

वेंझोउ अदालत का फैसला, सुप्रीम कोर्ट की मुहर

पूर्वी चीन के वेंझोउ शहर की एक अदालत ने सितंबर महीने में इन 11 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी। गुरुवार को इस सजा को अमल में लाया गया। चीनी कानून के तहत इस फैसले को बीजिंग स्थित सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट से अंतिम स्वीकृति भी मिल चुकी थी।

अरबों डॉलर का फैलता साइबर अपराध साम्राज्य

म्यांमार के कानूनविहीन सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय स्कैम सेंटर अब एक बहु-अरब डॉलर के अवैध उद्योग में तब्दील हो चुके हैं। इन ठगी केंद्रों में विदेशी नागरिकों, खासतौर पर चीन से तस्करी कर लाए गए लोगों को जबरन ऑनलाइन फ्रॉड में झोंका जाता है। इनमें रोमांस स्कैम, फर्जी निवेश योजनाएं और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे अपराध शामिल हैं।

KK पार्क बना अंतरराष्ट्रीय चिंता का केंद्र

म्यांमार के मायावाडी इलाके में स्थित KK पार्क को साइबर ठगी और मानव तस्करी का बड़ा गढ़ माना जाता है। यहां सुरक्षा एजेंसियों की छापेमारी भी हुई थी, हालांकि कई बड़े संचालक मौके से फरार होने में सफल रहे। संयुक्त राष्ट्र ने अप्रैल में चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि ऐसे स्कैम नेटवर्क हर साल लगभग 40 अरब डॉलर की अवैध कमाई कर रहे हैं।

मुख्य स्कैम सरगना भी चीन की गिरफ्त में

इसी साल जनवरी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुख्यात स्कैम सरगना और प्रतिबंधित प्रिंस ग्रुप के प्रमुख चेन झी को गिरफ्तार कर प्रत्यर्पण के जरिए चीन लाया गया था। फिलहाल उससे पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment