कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।कुवैत से दिल्ली के लिए रवाना हुई इंडिगो एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के भीतर बम होने की धमकी मिली। सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को बीच रास्ते में ही अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुवैत से उड़ान भरने वाली इंडिगो की यह फ्लाइट दिल्ली के लिए आ रही थी। इसी दौरान विमान में मौजूद एक यात्री को कागज के एक टुकड़े पर हाथ से लिखा संदेश मिला, जिसमें फ्लाइट के अंदर बम होने का दावा किया गया था। इसकी सूचना तुरंत क्रू मेंबर्स को दी गई।

धमकी की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट किया और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारने का फैसला लिया। विमान सुबह करीब 6:40 बजे अहमदाबाद में लैंड हुआ, जिसमें 180 यात्री सवार थे।

लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों, बम निरोधक दस्ते और एयरपोर्ट स्टाफ ने विमान की गहन तलाशी ली। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने और अंतिम सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को आगे की उड़ान के लिए अनुमति दी जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और धमकी देने वाले स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment