राडा ऑटो एक्सपो-2026 में रोड टैक्स छूट, सवालों में नीति: EV-हाइब्रिड को बढ़ावा कब?

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में बहुप्रतीक्षित ‘राडा ऑटो एक्सपो-2026’ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रीराम बिजनेस पार्क में यह भव्य ऑटोमोबाइल एक्सपो 20 जनवरी से शुरू होकर 5 फरवरी तक, कुल 17 दिनों तक आयोजित किया जाएगा। एक्सपो के दौरान वाहन खरीदारों को रोड टैक्स में 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न ऑटो डीलर्स और कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक ऑफर्स भी पेश कर रही हैं।

हालांकि, विशेषज्ञों और जागरूक नागरिकों का मानना है कि सरकार द्वारा दी जा रही इस भारी छूट का उपयोग इलेक्ट्रिक (EV) और हाइब्रिड वाहनों को बढ़ावा देने में किया जाना चाहिए। यदि यही रियायतें EV और हाइब्रिड कारों के रजिस्ट्रेशन शुल्क और अन्य सुविधाओं पर दी जाएं, तो इससे छत्तीसगढ़ में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण को काफी हद तक रोका जा सकता है।

डीजल और पेट्रोल वाहनों की बढ़ती बिक्री जहां एक ओर आमजन के लिए सुविधा बढ़ाती है, वहीं दूसरी ओर यह हवा और पर्यावरण को गंभीर रूप से प्रदूषित कर रही है। जनवरी माह में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हवा का स्तर चिंताजनक बना हुआ है, जो आने वाले समय के लिए खतरे की घंटी है।

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार पहले ही EV और हाइब्रिड वाहनों के रजिस्ट्रेशन शुल्क को माफ कर जनता को राहत दे चुकी है।

यदि छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी दिशा में कदम उठाती है, तो न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment