रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर एक सेवानिवृत्त डॉक्टर से करोड़ों रुपये की ठगी कर ली। 74 वर्षीय रिटायर्ड वेटनरी डॉक्टर स्वपन कुमार सेन को करीब 10 दिनों तक मानसिक दबाव में रखकर ठगों ने कुल 1 करोड़ 28 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 55 लाख रुपये होल्ड करा दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, विधानसभा थाना क्षेत्र निवासी स्वपन सेन को 31 दिसंबर को एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम से क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। भरोसा दिलाने के लिए ठगों ने एक फर्जी एफआईआर भी व्हाट्सएप पर भेजी।
इसके बाद ठगों ने पूछताछ के नाम पर पीड़ित से बैंक खाते, एफडी और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली। गिरफ्तारी का डर दिखाकर उन्हें लगातार पैसों के ट्रांसफर के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस के अनुसार,
- 3 जनवरी को आरटीजीएस के जरिए 34 लाख रुपये,
- 13 जनवरी को 39 लाख रुपये और
- 16 जनवरी को एफडी तुड़वाकर 55 लाख रुपये
अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए।
पीड़ित की लिखित शिकायत पर विधानसभा थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य रकम को फ्रीज कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।



