बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 20 लाख के इनामी समेत छह माओवादी ढेर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बीते दो दिनों से जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार महिला माओवादियों सहित कुल छह नक्सली मारे गए हैं। इनमें से चार माओवादियों की पहचान हो चुकी है, जिन पर कुल 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए माओवादियों में आठ लाख रुपये का इनामी डिविजनल कमेटी सदस्य दिलीप बेड़जा शामिल है। इसके अलावा पांच-पांच लाख रुपये के इनामी दो एरिया कमेटी सदस्य और दो लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी राधा मेट्टा की भी पहचान की गई है।

 रुक-रुक कर होती रही मुठभेड़

बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने नेशनल पार्क क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। शनिवार को सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही, जिसमें चार माओवादियों के शव बरामद किए गए। इसके बाद रविवार को दो और माओवादी मारे गए।

 भारी मात्रा में हथियार बरामद

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नेशनल पार्क एरिया कमेटी की कमर टूट गई है और संगठन के नेतृत्व को बड़ा झटका लगा है। मुठभेड़ स्थल से एके-47, इंसास राइफल, कार्बाइन और 303 राइफल समेत कुल छह ग्रेडेड हथियार बरामद किए गए हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक देश से माओवाद के पूर्ण खात्मे का लक्ष्य निर्धारित किया है और लगातार सुरक्षाबलों की कार्रवाई को तेज किया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment