बालोद में धान खरीदी पर बवाल, कांग्रेस विधायकों का कलेक्ट्रेट घेराव

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बालोद।छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और रकबा कटौती को लेकर सियासत गरमा गई है। गुरुवार को बालोद कलेक्ट्रेट उस समय तनाव का केंद्र बन गया, जब किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस विधायकों और जिला प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जिले के तीनों मौजूदा विधायक और पूर्व विधायक कलेक्टर चैंबर पहुंचे और प्रशासन का घेराव किया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि धान खरीदी की प्रक्रिया में किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और दबाव बनाकर उनका रकबा घटाया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

किसानों को डराने-धमकाने का आरोप

पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा ने कलेक्टर के रवैये पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारी किसानों के घरों में जाकर डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं और उनसे जबरन रकबा समर्पण कराया जा रहा है। गंभीर मसले पर कलेक्टर का हल्के अंदाज में बात करना दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया।

पूर्व मंत्री और विधायक अनिला भेड़िया ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि गिरदावरी के नाम पर किसानों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि का रकबा काटा जा रहा है, तो आम किसान की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि यदि सरकार धान खरीदने में असमर्थ है, तो उसे यह बात साफ-साफ स्वीकार करनी चाहिए।

प्रशासन का पक्ष

विवाद पर कलेक्टर ने सफाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन शासन से मिले निर्देशों के तहत कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अब भी 38,719 किसानों का धान विक्रय शेष है। प्रशासन का दावा है कि भौतिक सत्यापन केवल पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि धान खरीदी की प्रक्रिया समाप्त होने में केवल 11 दिन शेष हैं, ऐसे में किसानों पर दबाव बनाकर रकबा कम करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने मांग की कि किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाए और प्रशासन की कथित दादागिरी पर तुरंत रोक लगाई जाए।

इस दौरान विधायक अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, कुंवर सिंह निषाद, पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment