बांग्लादेश विरोधी प्रदर्शन बना मौत की वजह? प्रताड़ना से टूटे हिंदू युवक ने वीडियो बनाकर दी जान

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित प्रताड़ना से परेशान एक हिंदू युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले युवक ने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने एक मुस्लिम युवक और उसके साथियों पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही युवक ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं।

मृतक की पहचान नरेश साहू (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा गणेश चौक का निवासी था और एक गैस एजेंसी में काम करता था। नरेश कुछ दिन पहले हिंदू संगठनों द्वारा बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुआ था, जहां पुतला दहन भी किया गया था।

 मारपीट की शिकायत, फिर भी नहीं मिला न्याय?

नरेश ने 31 दिसंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि खपरगंज निवासी सोहेल खान और उसके साथियों ने रात करीब 9 बजे उसे घेरकर बेरहमी से पीटा। नरेश का कहना था कि प्रदर्शन में शामिल होने के बाद से ही उसे लगातार निशाना बनाया जा रहा था।

वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में नरेश ने आरोप लगाया कि पुलिस उस पर हिंदू संगठन से जुड़े कुछ युवकों के नाम लेने का दबाव बना रही थी, जबकि असली आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही थी। नरेश ने वीडियो में न्याय न मिलने की पीड़ा जाहिर करते हुए आत्मघाती कदम उठाने की बात कही।

 घर में फांसी लगाकर दी जान

शुक्रवार को नरेश ने मुंगेली के बामपारा स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

 आक्रोश में हिंदू संगठन, थाने का घेराव

घटना के बाद हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

 वीडियो के आधार पर गिरफ्तारी

एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि मृतक के वीडियो को साक्ष्य मानते हुए आरोपी सोहेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी का दावा: घटना के वक्त दुकान पर था

मामले में एक और पहलू सामने आया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी सोहेल ने दावा किया कि घटना के समय वह राजीव प्लाजा स्थित एक दुकान में मौजूद था। उसने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा था, जिसके बाद पहले उसे छोड़ दिया गया था। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोबारा कार्रवाई की है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment