मिशन 2026 की तैयारी में BJP, अमित शाह आज से चार चुनावी राज्यों के 15 दिवसीय दौरे पर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।बिहार और दिल्ली में हालिया चुनावी सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी अब अगले बड़े सियासी लक्ष्य की ओर बढ़ चुकी है। वर्ष 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से चार प्रमुख चुनावी राज्यों के 15 दिवसीय दौरे पर निकल रहे हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, अमित शाह का यह दौरा पूरी तरह से मिशन 2026 पर केंद्रित है। इस दौरान वह असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में संगठन को मजबूत करने, जमीनी हालात का आकलन करने और आगामी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर जोर देंगे।

सूत्र बताते हैं कि गृह मंत्री 28 और 29 दिसंबर को असम में रहेंगे, इसके बाद 30 और 31 दिसंबर को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। जनवरी के पहले सप्ताह में तमिलनाडु और दूसरे सप्ताह में केरल जाने का कार्यक्रम तय किया गया है। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के साथ लगातार बैठकें करेंगे।

पार्टी नेताओं का कहना है कि बिहार चुनावों के दौरान अमित शाह ने कई असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं की बात सुनी थी और संगठनात्मक खामियों को दूर करने के निर्देश दिए थे। इसी अनुभव के आधार पर चार राज्यों का यह दौरा भी बेहद अहम माना जा रहा है।

बीजेपी का फोकस न सिर्फ संगठन को मजबूत करने पर है, बल्कि उन मुद्दों की पहचान पर भी है, जिनके जरिए विपक्ष जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। ग्रामीण रोजगार, योजनाओं का क्रियान्वयन, बेरोजगारी दर और सामाजिक-आर्थिक विषयों पर विपक्ष के नैरेटिव को तोड़ने के लिए पार्टी पहले से रणनीति तैयार कर रही है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह दौरा भाजपा की चुनावी तैयारियों की नींव साबित होगा और आने वाले महीनों में संगठन को नई धार देगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment