रायपुर को ट्रैफिक से राहत, NH-53 पर सर्विस रोड होगी 20 मीटर चौड़ी, 382 अतिक्रमण हटाए जाएंगे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने वाली है। लाभांडी से सरोना चौक तक दोनों ओर बनी सर्विस रोड को चौड़ा करने की योजना पर काम शुरू किया जा रहा है। मौजूदा 5-5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड को बढ़ाकर 10-10 मीटर किया जाएगा। इस चौड़ीकरण के लिए सर्विस रोड पर किए गए 382 अतिक्रमणों को हटाया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग की जमीन का अधिग्रहण करीब 20 साल पहले ही किया जा चुका था, लेकिन समय के साथ कई स्थानों पर दोबारा अवैध कब्जे कर लिए गए थे। अब इन अतिक्रमणों को हटाकर सड़क को व्यवस्थित और चौड़ा किया जाएगा, जिससे यातायात दबाव कम होगा।

करीब 15 किलोमीटर लंबे इस पूरे हिस्से में सर्विस रोड के किनारे नई कवर्ड नालियों का निर्माण भी किया जाएगा। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और सड़क की उपयोगिता बढ़ेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चौड़ीकरण के लिए किसी नए भू-अर्जन की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि एनएचएआइ के पास पहले से पर्याप्त भूमि उपलब्ध है।

अतिक्रमण हटने के बाद सर्विस रोड पर वाहनों की पार्किंग पर भी रोक लगाई जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इसके साथ ही प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। एक माह के भीतर डीपीआर तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और फरवरी से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। फिलहाल फ्लाईओवर स्थलों पर जियो-टेक्निकल सर्वे का काम तेजी से किया जा रहा है।

एनएचएआइ रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल के अनुसार सर्विस रोड चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण के बाद पूरे कॉरिडोर में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। उद्योग भवन, तेलीबांधा और सरोना चौक जैसे व्यस्त इलाकों में रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment