बिलासपुर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को समय पर और पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर संजय अग्रवाल की पहल पर आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले BLO को न सिर्फ प्रशस्ति पत्र दिया गया, बल्कि उनके परिवार के साथ मॉल में फिल्म और लंच का विशेष अवसर भी प्रदान किया गया।
तखतपुर ब्लॉक के ग्राम बेलपन की BLO दर्शनमत धुव इस सम्मान का मुख्य केंद्र रहीं। पहली बार BLO की जिम्मेदारी मिलने के बावजूद उन्होंने अपने क्षेत्र के सभी 420 मतदाताओं का विवरण समय सीमा से पहले ऑनलाइन अपडेट कर प्रशासन के सामने एक मिसाल कायम की। क्षेत्र में मौजूद कुछ चुनौतियों—जैसे गांव से बाहर रहने वाले मतदाताओं का डेटा अपडेट—के बावजूद उन्होंने मेहनत और पूरी ईमानदारी से अपने कार्य को समय पर पूरा किया। उनके इस समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्टर ने उन्हें विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसके साथ ही मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण और डिजिटाइजेशन कार्य में 100% लक्ष्य प्राप्त करने वाले 13 अन्य BLO को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मानित होने वालों में श्रवण कुमार यादव, अमेरिका बाई, शैल जगत, रेनू खाँडे, खेमेंटला, शारदा ओरेकरा, दिनेश कुमार भारती, उर्वशी जगत, संतोषी मरकाम, प्रशांत शर्मा और अवधेश विमल जैसे नाम शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने घोषणा की कि 28 नवंबर तक SIR प्रक्रिया को 100% पूरा करने वाले 18 BLO को चुनाव आयोग की ओर से 5-5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लक्ष्य सबसे पहले पूरा करने वाले शीर्ष तीन BLO को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा। जिन बूथों में 800 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं और जहाँ BLO ने डेटा अपलोड, वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा किया है, वे भी पुरस्कार के पात्र माने गए हैं।



