मध्य प्रदेश अमरकंटक में हेली टूरिज्म सेवा की शुरुआत का आयोजन बड़े उत्साह और समारोह के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया। मंत्री ने बताया कि इस नई हेली सेवा से अमरकंटक के धार्मिक, पर्यटन और प्राकृतिक महत्व को पूरे देश में एक नई पहचान मिलेगी।
देश-विदेश से आने वाले पर्यटक अब अमरकंटक की प्रकृति, नर्मदा उद्गम स्थल और आध्यात्मिक माहौल का आनंद कम समय में और अधिक सुविधा के साथ ले सकेंगे।
कार्यक्रम में कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रामलाल रैतोल, कलेक्टर हर्षल पंचोली सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद थे। मंत्री जायसवाल ने कहा कि हेली सेवा शुरू होने से अमरकंटक से बांधवगढ़ और जबलपुर की यात्रा भी सरल और तेज हो जाएगी। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को इस सेवा का विशेष लाभ मिलेगा।
कलेक्टर ने बताया कि पिछले पाँच वर्षों में अमरकंटक में धार्मिक और पर्यटन क्षेत्र में बड़े विकास कार्य हुए हैं। हेली सेवा को बड़े होटलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से व्यापक रूप से प्रमोट किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि वे पर्यटकों के लिए होमस्टे विकसित करें, जिससे क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन गतिविधियाँ बढ़ेंगी।



