रतनपुर रतनपुर स्थित भैरव बाबा मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ और भैरव जयंती महोत्सव का सोमवार को विधिवत समापन किया गया। भक्तों द्वारा तैयार किए गए 56 प्रकार के व्यंजनों को नैवेद्य रूप में अर्पित किया गया। इन भोगों को अग्नि में समर्पित कर यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न की गई। परंपरा के अनुसार 56 भोग अर्पित करना अत्यंत शुभ माना जाता है। मंदिर परिसर पूरे दिन वैदिक मंत्रों और हवन की सुगंध से पावन माहौल में डूबा रहा।महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के सहस्त्र अर्चन में भी हिस्सा लिया, जिसमें एक हजार बेलपत्र, एक हजार पुष्प, एक हजार धान्य, एक हजार दूर्वा और एक हजार द्रव्य अर्पित किए गए।
इसी बीच भक्तों की सुविधा के लिए एक निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों को मुफ्त दवाइयां वितरित की जा रही हैं।आयोजकों के अनुसार महोत्सव का मुख्य दिन 19 नवंबर होगा। इस दिन 151 कन्याओं और ब्राह्मणों का पूजन, भैरव बाबा के समक्ष विशेष अनुष्ठान और इसके बाद भव्य महाभंडारा आयोजित किया जाएगा। अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रतनपुर पहुंचने की संभावना है।







