छत्तीसगढ़ और गुजरात में तकनीकी शिक्षा व विकास को लेकर बनी नई साझेदारी, हर साल 10 हजार युवा सीखेंगे हाईटेक स्किल्स

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

गांधीनगर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से गांधीनगर स्थित मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने राज्यीय विकास, तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की। भविष्य में छत्तीसगढ़ और गुजरात के बीच नवाचार, तकनीकी प्रशिक्षण और सुशासन के क्षेत्रों में परस्पर सहयोग को मजबूत करने पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने के लिए राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान और साझी भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकारें अपने-अपने क्षेत्रों में नवाचार और सुशासन से भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बस्तर की लोककला और संस्कृति पर आधारित “बस्तर आर्ट” एवं “बस्तर दशहरा” की कॉफी टेबल बुक गुजरात के मुख्यमंत्री को भेंट की। श्री पटेल ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की सराहना की और राज्य के रजत जयंती वर्ष पर चल रहे विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।

छत्तीसगढ़ में अब हर साल 10,000 युवा सीखेंगे आधुनिक तकनीक

मुख्यमंत्री साय ने गांधीनगर स्थित NAMTECH संस्थान का भ्रमण किया, जो मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी की आधुनिक शिक्षा के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने संस्थान की उन्नत शिक्षण प्रणाली, प्रयोगशालाओं और तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात ने देश को विकास, आत्मनिर्भरता और नवाचार का मार्ग दिखाया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी अब ऐसे आधुनिक तकनीकी संस्थान स्थापित किए जाएंगे, जहाँ युवाओं को स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन जैसी नई तकनीकों का प्रशिक्षण मिलेगा।

NAMTECH कॉलेज प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने गुजरात में एक नेटवर्क मॉडल तैयार किया है, जिसमें कॉलेज आपस में जुड़कर नई तकनीकें साझा करते हैं। इसी मॉडल को छत्तीसगढ़ में भी लागू करने की योजना है, जिससे हर वर्ष 10,000 से अधिक युवाओं को नई तकनीक और औद्योगिक प्रशिक्षण मिल सकेगा।

इससे छात्रों को वास्तविक कार्य अनुभव, मशीनों की समझ और आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का गहरा ज्ञान प्राप्त होगा। वे रोजगार के बेहतर अवसर पा सकेंगे और देश के बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स में योगदान देने में सक्षम होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा,

“छत्तीसगढ़ के युवा राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम होगी। हम ऐसे युवाओं को तैयार कर रहे हैं जो नई सोच और आधुनिक तकनीक से राज्य और देश का भविष्य बदलेंगे।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव एस. भारतीदासन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment