राजद नेता के बेटे की रहस्यमयी मौत से हड़कंप, घर के पीछे मिला शव; पुलिस ने शुरू की गहन जांच

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में राजद नगर अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार की अहले सुबह घर के पीछे चापाकल और बाथरूम के पास उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, नगर परिषद वार्ड नंबर 12 के ढाव गांव निवासी प्रीतम कुमार इंटरमीडिएट का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ अपने पिता के राजनीतिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से सहयोग करता था। परिजनों ने बताया कि प्रीतम शनिवार की रात घर पर ही सोया था, लेकिन रविवार तड़के जब उसकी मां नूतन देवी जागीं तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और प्रीतम गायब है।

कुछ देर बाद जब वे पशुओं को चारा देने के लिए घर के पीछे गईं, तो बाथरूम के पास प्रीतम का शव पड़ा मिला। शोर मचाने पर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और उसे आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, इंस्पेक्टर मो. सुजाउद्दीन और एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। एसडीपीओ ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि राजद नेता सुरेंद्र यादव करीब एक महीने पहले गांव में हुई एक मारपीट की घटना में आरोपी बनाए गए थे। ऐसे में पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment