Raigarh जिले में घटित एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। दीपावली के ठीक एक दिन बाद घटित इस घटना में एक भतीजे ने अपनी ही चाचा और चाची की बेरहमी से हत्या कर दी। पैसे के विवाद ने रिश्तों में ऐसी दरार डाल दी कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर इस नृशंस वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कपाटडेहरा भेंगड़ा गांव की है। बुधवार सुबह जब गुरुवार सिंह राठिया और उनकी पत्नी मनीता राठिया के शव उनके घर के आंगन में खून से लथपथ मिले तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पति का शव नंग और पत्नी का शव अर्धनग्न हालत में मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
जांच में पुलिस को पता चला कि मंगलवार रात मृतक का भतीजा ओमप्रकाश राठिया और उसका दोस्त भगलु दफती घर आए थे। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह स्वीकार करते हुए बताया कि पैसे के पुराने विवाद के कारण उन्होंने चाचा-चाची की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और फिर फरार हो गए।
दरअसल, करीब डेढ़ साल पहले रास्ते में मिले 6 हजार रुपये को लेकर चाचा-भतीजे के बीच झगड़ा चल रहा था। मृतक दंपति को शक था कि यह रुपये ओमप्रकाश ने पाए और वापस नहीं किए। कई बार विवाद होने के बाद भतीजे के मन में रंजिश बैठ गई थी। इसी रंजिश को लेकर उसने दीपावली की रात अपने दोस्त के साथ मिलकर यह वारदात कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और अब पूरा मामला खुल चुका है। यह घटना इस बात की गवाही देती है कि छोटी-सी आर्थिक तकरार भी रिश्तों को कितना गहरा नुकसान पहुंचा सकती है।



