राजधानी रायपुर के मुझगहन थाना क्षेत्र के छछानपैरी गांव में अंधविश्वास के चलते एक दर्दनाक हत्या की वारदात सामने आई है। गांव के ही एक युवक पर जादूटोना करने का शक होने पर दूसरे व्यक्ति ने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान श्याम कुमार ध्रुव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव के ही संजय नेताम ने श्याम पर जादूटोना करने का आरोप लगाया था। इसी आरोप को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। बताया जाता है कि गुस्से में आए आरोपी ने चाकू से श्याम कुमार पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, यह विवाद पिछले कुछ दिनों से चल रहा था, लेकिन किसी ने भी स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया।
इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और जादूटोना जैसी कुप्रथाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आज के आधुनिक युग में भी इस तरह की घटनाएं समाज के उस हिस्से को उजागर करती हैं, जो अब भी अंधविश्वास की जकड़ में बंधा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि लोग अफवाहों और तंत्र-मंत्र जैसी बातों पर विश्वास न करें और किसी भी संदेह की स्थिति में कानून की मदद लें।







