पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। महागठबंधन में सीटों को लेकर अब तक सहमति नहीं बनी है, लेकिन इसी बीच विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है।
इस लिस्ट में पार्टी ने पांच विधानसभा क्षेत्रों से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें कटिहार, बिहपुर, केसरिया, चैनपुर और सुगौली शामिल हैं।
इन उम्मीदवारों को मिला टिकट:
- चैनपुर से बाल गोविंद सिंह
- सुगौली से मनोज सहनी
- बिहपुर से अपर्णा कुमारी मंडल
- कटिहार से सौरव अग्रवाल
- केसरिया से वरुण विजय
इससे पहले वीआईपी ने अपनी पहली सूची में छह उम्मीदवारों को टिकट दिया था। इनमें औराई से भोगेंद्र सहनी, बरूराज से राकेश कुमार, दरभंगा सदर से उमेश सहनी, कुशेश्वरस्थान से गणेश भारती, आलमनगर से नवीन निषाद और गौड़ाबौराम से संतोष सहनी को प्रत्याशी बनाया गया था।
डिप्टी सीएम पद की चाह बरकरार:
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी अभी भी डिप्टी सीएम पद की मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है, तो वे उपमुख्यमंत्री का पद चाहते हैं। हालांकि, सहनी ने इस बार खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है।
सीट शेयरिंग पर विवाद जारी:
सूत्रों के मुताबिक, मुकेश सहनी पहले 50 सीट और डिप्टी सीएम पद की मांग कर रहे थे, लेकिन बाद में इसे घटाकर 40 सीट कर दिया। दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उन्हें 15 सीटें, साथ ही 2 विधान परिषद और 1 राज्यसभा सीट का ऑफर मिला है। इसके बाद ही उन्होंने अपनी पहली और अब दूसरी उम्मीदवार सूची जारी की है।
पार्टी का दावा:
वीआईपी का कहना है कि उनके प्रत्याशी मछुआरा समुदाय के प्रतिनिधि हैं और पार्टी इस बार बिहार में निर्णायक भूमिका निभाएगी। मुकेश सहनी ने कहा कि वीआईपी जनता की ताकत पर भरोसा करती है और गठबंधन की स्थिति से इतर चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है।



