भ्रष्टाचार पर एसीबी की बड़ी कार्रवाई: एएसआई और पीएलवी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, एसपी ने किया तत्काल निलंबन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

कोरिया जिले में 18 अक्टूबर 2025 को एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई दे एएसआई पोलीकार्प टोप्पो और न्यायालय में नियुक्त पीएलवी राजू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों ने मोटर व्हीकल एक्ट के एक मामले को निपटाने के एवज में 20 हजार रुपए की मांग की थी, जिसे बाद में बातचीत कर 12 हजार में तय किया गया।

पीड़ित वाहन स्वामी ने इसकी शिकायत सरगुजा एसीबी में दर्ज कराई, जिसके बाद टीम ने एक ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। शिकायतकर्ता को रासायनिक लगे नोट दिए गए और जैसे ही आरोपियों ने राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। हाथ धोने पर गुलाबी रंग आने से रिश्वत लेना प्रमाणित हो गया।

घटना के बाद एसीबी ने थाना परिसर में ही जांच प्रक्रिया पूरी की और दोनों आरोपियों को बैंकुठपुर रेस्ट हाउस ले जाकर विधि अनुसार कार्रवाई की। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

मामले की जानकारी मिलते ही कोरिया पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई ने प्रशासनिक तंत्र को यह संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी पर अब तुरंत और सख्त कार्रवाई होगी। एसीबी की यह त्वरित कार्रवाई आम नागरिकों के लिए एक राहत और विश्वास का संकेत बनी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment