छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और शिक्षकों को दिवाली से पहले बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने त्योहारी सीजन में आर्थिक सुविधा देने के लिए अक्टूबर माह का वेतन एडवांस में जारी करने का निर्णय लिया है। इसके तहत शिक्षकों और कर्मचारियों के खाते में 17 और 18 अक्टूबर तक वेतन पहुंच जाएगा। वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि उनके लिए शासन केवल एक तंत्र नहीं, बल्कि कर्मठ साथियों का परिवार है। यही कारण है कि सरकार अपने सभी कर्मचारियों के साथ त्योहारी खुशियों में साझीदार बनना चाहती है। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व प्रसन्नता, एकता और उत्साह का प्रतीक है और शासन चाहता है कि हर अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार के साथ इस पर्व को उल्लासपूर्वक मना सके।
वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने सभी विभागों को एडवांस वेतन भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान की प्रक्रिया में किसी भी कर्मचारी को कोई कठिनाई न हो, इसके लिए 18 अक्टूबर (शनिवार, अवकाश दिवस) को भी सभी कोषालय और उपकोषालय खुले रहेंगे।
सरकार का यह निर्णय न केवल कर्मचारियों को आर्थिक रूप से राहत देगा बल्कि त्योहारी माहौल को भी और अधिक उत्साहपूर्ण बनाएगा। कर्मचारियों और शिक्षकों को अब दिवाली की खरीदारी और अन्य तैयारियों में किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।



