पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए में सीटों का बंटवारा तय हो गया है। इस बार जदयू और बीजेपी दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जबकि चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। इसके अलावा जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टियों को 6-6 सीटें दी गई हैं।
इस बीच, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने एनडीए की सीट शेयरिंग पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार अब साफ हो गए हैं। चुनाव के बाद चाहे वो मुख्यमंत्री बनें या नहीं, उन्हें आना तो यहीं पड़ेगा, क्योंकि उधर मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। अगर जदयू को उधर खत्म किया जाएगा, तो हम उनका स्वागत करेंगे।”
पप्पू यादव का ट्वीट हुआ वायरल
पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर एक ट्वीट करते हुए लिखा, “यही रात अंतिम, यही रात भारी…” जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों का मानना है कि यादव ने यह बात एनडीए के सीट बंटवारे पर तंज कसते हुए कही।
महागठबंधन में भी सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज
उधर, महागठबंधन (RJD, कांग्रेस और अन्य दल) में सीटों के बंटवारे को लेकर भी अटकलें तेज हैं। बताया जा रहा है कि वीआईपी पार्टी के मुकेश सहनी नाराज चल रहे हैं। हालांकि पप्पू यादव ने इस पर कहा कि कोई नाराजगी नहीं है, सब कुछ मिल-जुलकर तय हो जाएगा।
कांग्रेस का बयान — “कोई पेंच नहीं फंसा”
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, “महागठबंधन में कोई पेंच नहीं फंसा है। जब मुलाकात होगी तभी सीटों की घोषणा की जाएगी। बीजेपी को लग रहा था कि महागठबंधन में मतभेद है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। हम सब मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।”







