रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से मानसून की औपचारिक वापसी हो जाएगी। मानसून जाते-जाते राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
राज्य के कई हिस्सों में अब गुलाबी ठंड का असर महसूस होने लगा है। पेण्ड्रारोड में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव में 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के इस बदलाव ने सर्दी की दस्तक दे दी है।
राजधानी में मौसम का बदलता मिजाज
शनिवार सुबह से रायपुर में बादलों का डेरा रहा। बीच-बीच में हल्की बारिश ने माहौल खुशनुमा बना दिया। शाम को ठंडी हवाओं के साथ मौसम सुहावना हो गया। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री घटकर 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बिलासपुर में तेज वर्षा और जलभराव
न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। आधे घंटे की बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुराना बस स्टैंड, विनोबा नगर और श्रीकांत वर्मा मार्ग जैसे क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया। बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया।
15 अक्टूबर तक हो सकती है मानसून विदाई
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 15 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ से मानसून की पूरी तरह विदाई हो सकती है। इससे पहले शनिवार को दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह धूप खिली लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और गरज के साथ तेज बारिश हुई।
दिन का तापमान घटा, महसूस हुई ठंडक
शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शनिवार को यह घटकर 29 डिग्री सेल्सियस रह गया, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री कम है। इस बदलाव से लोगों ने उमस और गर्मी से राहत महसूस की और सर्दी की आहट मिलने लगी।
मौसम विशेषज्ञ बोले — हवा के दबाव से उतार-चढ़ाव संभव
मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि अरब सागर में बने चक्रवात और बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण यह वर्षा हुई। आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां घटेंगी, लेकिन हवा के दबाव के कारण बीच-बीच में मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ठंड की शुरुआत धीरे-धीरे होगी।



