शिक्षकों की समस्याओं पर सौंपा ज्ञापन, वेतन और सेवा पुस्तिका को लेकर उठी मांग

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

धर्मजयगढ़ में शिक्षकों की समस्याओं को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई। संयुक्त शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.आर. सिंदार को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग रखी। इसमें विशेष रूप से वेतन भुगतान, लंबित अवकाश स्वीकृति और सेवा पुस्तिका के सत्यापन जैसे अहम मुद्दों को उठाया गया। संघ ने कहा कि ये समस्याएं लंबे समय से अनदेखी की जा रही हैं, जिससे शिक्षकों में गहरी नाराज़गी है।

ज्ञापन में यह मांग की गई कि युक्तिकरण के तहत कार्यभार संभालने वाले शिक्षकों का दीपावली से पहले लंबित वेतन भुगतान किया जाए। साथ ही लंबित अवकाश स्वीकृति और एरियर्स भुगतान भी जल्द से जल्द पूरा किया जाए। सेवा पुस्तिका (Service Book) का सुधार और सत्यापन शीघ्र करवाने की भी अपील की गई। बीईओ श्री सिंदार ने ज्ञापन पर गंभीरता से चर्चा की और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

गिरिजा शंकर शुक्ला का भव्य स्वागत, शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं

धर्मजयगढ़ में संघ के उप प्रांताध्यक्ष गिरिजा शंकर शुक्ला के पदोन्नति उपरांत पदस्थापना पर गुरुवार को भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में संघ पदाधिकारियों और शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका सम्मान किया। मौके पर बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

विकासखंड अध्यक्ष रामचरन साहू और संरक्षक आशीष विश्वास की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में मिठाई बांटी गई और सभी ने शुक्ला को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने संघ एवं सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे हमेशा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment