छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के सभी जिलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। शासन ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में पीएम श्री विद्यालय, इंग्लिश मीडियम स्कूल (इग्नाइट विद्यालय), सेजर्स विद्यालय और मुख्यमंत्री डीपीवी विद्यालयों को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करें।
इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को शैक्षणिक सत्र 2025-26, 2026-27 और 2027-28 तक की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करनी होगी। इस कार्ययोजना में प्रत्येक विद्यालय की आवश्यक भौतिक संरचना, संसाधनों की जरूरतें, प्राथमिकताएं और शैक्षणिक सुधार के ठोस कदम शामिल किए जाएंगे।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी जिलों को अपनी कार्ययोजना और आवश्यक अधोसंरचना का प्रस्ताव 10 दिनों के भीतर संभागीय संयुक्त संचालक के माध्यम से स्कूल शिक्षा विभाग को भेजना होगा।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के शैक्षणिक परिदृश्य में सुधार लाना, विद्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता, नवाचार और शिक्षण गुणवत्ता को बेहतर बनाना है ताकि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता के लिए तैयार हो सकें।



