बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार और सेना भर्ती रैलियों पर मंथन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से उनके निवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में विशेष रूप से बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार, रक्षा क्षेत्र में नए अवसरों के सृजन, राज्य में सेना भर्ती रैलियों के आयोजन तथा नौसैनिक पोतों के नामकरण जैसे विषयों पर सार्थक विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि बिलासपुर में रक्षा मंत्रालय की भूमि उपलब्ध है, जिसे एयरपोर्ट विस्तार के लिए उपयोग में लाया जा सकता है। उन्होंने अनुरोध किया कि इस भूमि को एयरपोर्ट विस्तार हेतु उपलब्ध कराया जाए ताकि प्रदेश में हवाई सेवाओं का विस्तार और विकास तेजी से हो सके। मुख्यमंत्री ने साथ ही राज्य में रक्षा क्षेत्र से जुड़ी विकासात्मक परियोजनाओं की शुरुआत करने का आग्रह भी किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक में यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में सेना में भर्ती होने का विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में अनुशासन, शारीरिक क्षमता और देशभक्ति की भावना प्रबल है। उन्होंने रक्षा मंत्री से आग्रह किया कि राज्य में विशेष “सेना भर्ती रैलियों” का आयोजन किया जाए, जिससे युवाओं को अपने ही प्रदेश में सेना में शामिल होने का अवसर प्राप्त हो सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने सुझाव दिया कि जब भी रक्षा मंत्रालय नए नौसैनिक पोतों का नामकरण करे, तो उनमें से कुछ का नाम छत्तीसगढ़ की नदियों जैसे — इंद्रावती, महानदी, या क्षेत्रों के नाम जैसे बस्तर पर रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह न केवल प्रतीकात्मक रूप से सुंदर होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति का भी उल्लेख किया, जिसके तहत रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को प्रोत्साहन देने की योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि यह नीति प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के विजन के अनुरूप है, जिससे छत्तीसगढ़ में तकनीकी प्रशिक्षण, अनुसंधान और निजी निवेश के अवसर बढ़ेंगे।

बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुभोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment