शिकोहाबाद से बड़ी खबर
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना में किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली छात्रा प्रिंसी कुमारी ने एक दिन की थानेदार बनकर कमान संभाली। कुर्सी पर बैठते ही उन्होंने सबसे पहले शहर की जाम समस्या से निजात दिलाने के लिए सख्त कदम उठाए और फिर थाने में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान कराया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत पहल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट मिशन शक्ति फेज-5 के तहत नारी सशक्तिकरण की इस पहल में शिकोहाबाद पुलिस ने छात्राओं को मौका दिया। इसी कड़ी में हिंदी साहित्य में एमए पास कर चुकीं और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से स्वर्ण पदक पा चुकीं प्रिंसी को थाने की कुर्सी पर एक दिन का अधिकार दिया गया।
पहले दिन लिया सख्त ऐक्शन
थानेदार प्रिंसी ने सरकारी वाहन से शहर का भ्रमण किया और जाम की समस्या देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को तुरंत हटाया जाए और दुकानदारों को चेतावनी दी जाए कि वे अपनी दुकानों के सामने अनावश्यक पार्किंग न करवाएं।
साथ ही, ठेला-खोमचा लगाने वालों के लिए निश्चित स्थान तय करने को कहा ताकि यातायात सुचारू हो सके।
नाबालिग ई-रिक्शा चालकों पर शिकंजा
प्रिंसी ने शहर में नाबालिग ई-रिक्शा चालकों को रोककर उनके अभिभावकों को बुलवाया और ई-रिक्शा मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया। इसके बाद थाने पहुंचकर जनसुनवाई में परिवारिक विवादों को सुलझाया और कई आपराधिक शिकायतों पर तत्काल पुलिस टीम भेजकर कार्रवाई करवाई।
थाने का निरीक्षण
एक दिन की थानेदार प्रिंसी कुमारी ने महिला शक्ति केंद्र, शस्त्रागार, त्योहार रजिस्टर और वांछित अपराधियों के रजिस्टर का निरीक्षण किया। साथ ही अधीनस्थों को वारंटियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
परिवार और लक्ष्य
प्रिंसी किसान प्रवेश कुमार की बेटी हैं। उनकी मां कुंती देवी गृहिणी हैं। बड़े भाई कमल किशोर एयरफोर्स में असम में तैनात हैं जबकि दूसरे भाई शैलेन्द्र पढ़ाई कर रहे हैं। प्रिंसी खुद भविष्य में प्रोफेसर बनना चाहती हैं और इसके लिए प्रयासरत हैं। उनकी छोटी बहन शिल्पी भी फिलहाल पढ़ाई कर रही हैं।



