रायपुर।छत्तीसगढ़ की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती देने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर की एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीयकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को लेकर गहन समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ का प्रवेश द्वार है और इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना राज्य के आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन विकास के लिए अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच रायपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपग्रेड करने और इसे कार्गो हब के रूप में विकसित करने पर पहले ही सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है। इस सहमति के बाद अब तक हुई प्रगति और स्पष्ट टाइमलाइन के साथ ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
सांसद ने कहा कि रायपुर से हर वर्ष एक लाख से अधिक यात्री विदेश यात्रा करते हैं, ऐसे में दुबई, सिंगापुर और बैंकॉक के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत आवश्यक है। इसके लिए इमिग्रेशन, कस्टम और वीज़ा कार्यालयों की शीघ्र स्थापना, आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुराने टर्मिनल को कार्गो टर्मिनल में परिवर्तित कर छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पाद, वनोपज, हस्तशिल्प और औद्योगिक उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने का प्रस्ताव रखा गया। कोल्ड स्टोरेज, पेरिशेबल कार्गो सुविधा, आधुनिक वेयरहाउस और फास्ट क्लीयरेंस सिस्टम की कमी को जल्द दूर करने तथा रायपुर को मध्य भारत का प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब बनाने के लिए निजी निवेश और केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़ने पर सहमति बनी।
बड़े अंतरराष्ट्रीय विमानों की लैंडिंग के लिए रनवे विस्तार और मजबूती, CAT-II/III इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम, नाइट लैंडिंग सुविधा और बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए नए टर्मिनल या मौजूदा टर्मिनल के विस्तार की योजना पर भी चर्चा की गई। साथ ही रायपुर से प्रयागराज, वाराणसी, पटना, लखनऊ और जयपुर जैसे बंद रूट्स को पुनः शुरू करने तथा मुंबई के लिए अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने के निर्देश दिए गए।
सांसद ने एयरपोर्ट पर डीजी यात्रा सुविधा को पुनः शुरू करने, शहर से एयरपोर्ट तक सार्वजनिक परिवहन के अभाव को दूर करने और रायपुर से दुर्ग-भिलाई-कुम्हारी तक इलेक्ट्रिक बस सेवा प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। एयरपोर्ट पार्किंग में चल रही मनमानी वसूली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने ड्रॉप वाहनों को कम से कम आठ मिनट और पिक-अप वाहनों को दस मिनट का फ्री समय देने, उसके बाद शुल्क 25 रुपये से अधिक न लेने तथा एंट्री-एग्जिट सिस्टम को भारतीय मानक समय के अनुसार सिंक्रोनाइज करने के निर्देश दिए। टैक्सी और ऑटो चालकों द्वारा बिना पर्ची वसूली की शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में एयरपोर्ट के भीतर महंगे खान-पान पर नियंत्रण, टर्मिनल के बाहर किफायती कैफे और रेस्टोरेंट, यात्रियों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, चौबीसों घंटे मेडिकल सुविधा और एम्बुलेंस की स्थायी तैनाती पर भी जोर दिया गया। वोकल फॉर लोकल अभियान के तहत छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को बढ़ावा देने, शिकायत निवारण केंद्र स्थापित करने, स्पष्ट साइनबोर्ड लगाने और यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने एयरपोर्ट पर तीन माह के भीतर उड़ान यात्री कैफे शुरू करने, एयरोब्रिज की संख्या बढ़ाने, इनलाइन बैगेजिंग सिस्टम लागू करने और रायपुर एयरपोर्ट को सौर ऊर्जा आधारित ग्रीन एयरपोर्ट बनाने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत छत्तीसगढ़ के इंटर्न्स द्वारा कराए जा रहे रियल-टाइम सर्वे को ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट विकास में पारदर्शिता और सुधार सुनिश्चित होगा।
अंत में सांसद ने कहा कि रायपुर एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीयकरण से छत्तीसगढ़ को वैश्विक पहचान मिलेगी और व्यापार, पर्यटन, रोजगार तथा निवेश के नए अवसर सृजित होंगे। इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विधायक मोतीलाल साहू, एयरपोर्ट निदेशक योगेश नगाईच, समिति सदस्य जी.एस. बाम्बरा, श्रवण शर्मा, सुमीत सुशीलन, दीपेश पटेल, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और विभिन्न एयरलाइंस के स्टेशन प्रबंधक उपस्थित रहे।







