खनिज नगरी और फुटबॉल नगरी के रूप में पहचान रखने वाले उकवा में इस वर्ष भी खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। लगातार 64 वर्षों से निरंतर आयोजित होने वाली अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ बुधवार को हुआ। मॉयल परिवार द्वारा आयोजित इस आयोजन में देश के कई राज्यों से जानी-मानी फुटबॉल टीमें भाग लेने पहुंची हैं।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि खान प्रबंधक निषाद निकोसे और जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष जेम्स बारीक उपस्थित रहे। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण भी किया गया, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया। आयोजन समिति के अजय बडोले, सचिव राहुल धुर्वे, उपखान प्रबंधक जयंता प्रधान, मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर बैनर्जी सहित अनेक पदाधिकारी इस अवसर पर मौजूद थे।
प्रतियोगिता का पहला मैच मॉयल उकवा और रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर (छत्तीसगढ़) के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में नारायणपुर की टीम ने तीन-शून्य से शानदार जीत दर्ज की। दूसरा मैच एनआईएफसी बैहर और उड़ीसा स्टेट फुटबॉल टीम कटक के बीच हुआ। गुरुवार को मॉयल नागपुर का सामना मदन महाराज भोपाल से होगा, जबकि दूसरा मैच साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे नागपुर और पुलिस बॉयज बालाघाट के बीच खेला जाएगा।
इस वर्ष विजेता टीम को ₹1,11,111 एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, वहीं उपविजेता टीम को ₹55,555 के साथ-साथ अनेक पुरस्कार दिए जाएंगे। उद्घाटन दिवस के मैचों की शानदार कमेंट्री बाबूलाल कौशल और इमैनुएल दीप ने की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में टेक्निकल कमेटी प्रमुख अजय बडोले, सहसचिव विनय टांडी, प्रीतम यादव, अमन गौतम, धर्मेंद्र मेश्राम, नवीन बाबू, मंदार सेनगुप्ता, कोटेश्वर राव, मनोज साठे, अशोक साहू, रूपेश और हेमंत बाघ सहित पूरी टीम सक्रिय रही।
इस प्रकार, उकवा नगर एक बार फिर फुटबॉल प्रेमियों का केंद्र बन गया है, जहां नवरात्र पर्व के साथ खेलों का यह अनोखा संगम हजारों दर्शकों को आकर्षित कर रहा है।







