राजधानी रायपुर में शुक्रवार शाम अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब रायपुरा रोड स्थित मैत्री नगर इलाके में दो गुटों के बीच खुलेआम भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के करीब 20 से 25 युवक अचानक सड़क पर इकट्ठा हो गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला करने लगे। देखते ही देखते माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि आसपास मौजूद लोग घबराकर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
सूत्रों के मुताबिक यह विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। अचानक भड़की इस झड़प ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी रुक गई और लोग घंटों तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया। हालांकि इस झड़प में कुछ युवकों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
पुलिस ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त तेज कर दी है और घटनास्थल के आसपास CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल मैत्री नगर और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है।



