पायलट के सामने कांग्रेस में खींचतानः नेताओं के बीच तकरार, मंच पर माइक छीना गया, भूपेश बोले- वोट चोरी से हारी सरकार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर (छत्तीसगढ़):कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ सभा में एकजुटता दिखाने की कोशिश नाकाम रही। छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में गुटबाजी और नेताओं की आपसी खींचतान खुलकर सामने आ गई।

जनसभा का मकसद मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोलना था, लेकिन मंच पर कांग्रेस नेताओं ने ही एक-दूसरे पर तंज कसते हुए अपने मन की भड़ास निकाल दी।

भूपेश बघेल का TS सिंहदेव पर इशारा

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सभा में कहा कि “अब कोई यह न कहे कि हमारी सरकार ने काम नहीं किया, इसलिए हम हारे। सच यह है कि भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई।”
उन्होंने छत्तीसगढ़ में महाराष्ट्र जैसे हालात का जिक्र करते हुए भाजपा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत के आरोप लगाए।

डहरिया का चमचे वाला बयान

पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने विपक्ष के नेता चरणदास महंत को घेरते हुए कहा, “हमारे कार्यकर्ता किसी नेता के चमचे नहीं हैं, सब कांग्रेस पार्टी के सिपाही हैं। अपने ही लोगों की आलोचना करना ठीक नहीं।”
यह बयान सीधे-सीधे महंत की उस टिप्पणी का जवाब माना जा रहा है जिसमें उन्होंने तैयारी बैठक में कहा था कि “गलती नेताओं की नहीं, बल्कि चमचों की है।”

अमरजीत से छीना गया माइक

सभा के दौरान तब विवाद बढ़ गया जब आदिवासी नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत भाषण दे रहे थे। तभी सचिन पायलट और अन्य बड़े नेता मंच पर पहुंचे। इस दौरान सहप्रभारी विजय जांगिड़ ने अचानक उनका माइक छीन लिया। यह वीडियो वायरल हो गया है और इसे अमरजीत का अपमान बताया जा रहा है।

BJP का तंज

भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि “यह सभा कम और जंग का मैदान ज्यादा लग रही थी। कांग्रेस नेता जनता के मुद्दों पर बात करने के बजाय मंच से एक-दूसरे को नीचा दिखा रहे हैं।”

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment