पटना। बिहार की राजधानी पटना में 17 अगस्त से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा (Voter Adhikar Yatra) का समापन सोमवार को डाकबंगला चौराहे पर हुआ। इस दौरान राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य विपक्षी नेता मंच से जनता को संबोधित करने पहुंचे।
दरअसल, यात्रा को गांधी मूर्ति से अंबेडकर मूर्ति तक जाना था, लेकिन प्रशासन ने अनुमति सिर्फ डाकबंगला तक दी। यहां हजारों की भीड़ जुटी और विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।
राहुल गांधी का हमला – “आ रहा है हाइड्रोजन बम”
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा,
“हाइड्रोजन बम एटम बम से भी ज्यादा शक्तिशाली होता है, बीजेपी वाले सावधान रहें।”
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में उनके वोट चोरी हुए और चुनाव आयोग ने बीजेपी के साथ मिलकर धांधली की। राहुल ने कहा, “एक-एक सीट पर लाखों फर्जी वोट डाले गए। हमने सबूत जुटाए लेकिन चुनाव आयोग न तो वोटर लिस्ट देता है और न ही CCTV फुटेज। चार महीने तक दिन-रात मेहनत कर हमने देश को सच्चाई दिखाई।”
राहुल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा,
“वोट चोरी का मतलब सिर्फ आपका वोट नहीं, बल्कि आपका हक, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा और लोकतंत्र की चोरी है। यह आपकी जमीन और राशन कार्ड छीनकर अडानी-अंबानी को सौंप देंगे। लेकिन हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे।”
खरगे का आरोप – मोदी-शाह देश बर्बाद करेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 15 दिन की यह यात्रा बीजेपी की नींद उड़ाने वाली रही। उन्होंने कहा,
“वोट चोर पैसे भी चुराते हैं और भगोड़ों को संरक्षण देते हैं। मोदी और शाह अगर सत्ता में रहे तो देश बर्बाद कर देंगे।”
खरगे ने नीतीश कुमार पर भी तंज कसा और कहा कि आरएसएस उन्हें “कचरे में फेंक देगा।” उन्होंने पुलिस प्रशासन पर यात्रा रोकने का आरोप लगाते हुए नारा दिया – “मोदी को हटाओ, देश बचाओ।”
तेजस्वी यादव का तंज – “नीतीश भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह”
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा,
“बिहार लोकतंत्र की जननी है, लेकिन बीजेपी और चुनाव आयोग लोकतंत्र खत्म करना चाहते हैं। नीतीश कुमार भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह हैं और उनकी सरकार नकलची है। जनता को डुप्लीकेट नहीं, बल्कि ओरिजनल सीएम चाहिए।”
तेजस्वी ने पीएम मोदी को “झूठ की फैक्ट्री” बताते हुए कहा कि जनता अब वोट चोरी करने वालों को उखाड़ फेंकेगी।
हेमंत सोरेन का बयान – “देश को बचाने का चुनाव”
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह सिर्फ बिहार नहीं बल्कि पूरे देश का चुनाव है। उन्होंने चुनाव आयोग पर सत्तारूढ़ दल के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया और कहा, “ईडी-सीबीआई की तरह चुनाव आयोग का भी दुरुपयोग हो रहा है।”







