छिंदवाड़ा में सोमवार को तेली साहू समाज ने राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन दिल्ली के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। समाज ने ग्राम पलाशपानी निवासी जंगलें गोनेकर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। आरोप है कि 19 अगस्त को गोनेकर ने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए समाज की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, उन्होंने क्षेत्र के सांसद विवेक (बंटी) साहू के खिलाफ भी अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया।
इस घटना को लेकर समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज के वरिष्ठ सदस्य मुनालाल साहू ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि अभी तक प्रशासन द्वारा आरोपी के खिलाफ कोई कदम न उठाया जाना अत्यंत खेदजनक है। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आरोपियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो इस तरह की घटनाएं भविष्य में और बढ़ सकती हैं
संगठन ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी पर तुरंत सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए, ताकि समाज की भावनाओं को न्याय मिल सके और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इस विरोध के माध्यम से समाज ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपमानजनक भाषा या समाज की गरिमा के खिलाफ किए गए कृत्यों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



