भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में पातरा नाले के पास स्थित टिंबर मार्केट में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग भोपाल डेकोरेटर्स के शोरूम और गोदाम में लगी, जिसमें लाखों रुपये का फर्नीचर और सजावटी सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में चार लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना रात करीब 2 बजकर 44 मिनट की है। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि आग बुझाए जाने के बाद भी एहतियात के तौर पर दमकल कर्मी घटनास्थल पर डटे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की जांच जारी है।
VIDEO | Bhopal: A fire broke out in four shops at the timber market on Bharat Talkies Road. Fire tenders rushed to the spot, and efforts are underway to douse the flames; further details are awaited.#Bhopal #Fire #BreakingNews
— Press Trust of India (@PTI_News) December 27, 2025
(Source - Third party)
(Full video available on… pic.twitter.com/ncXSFCWKSn
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके में आगजनी की घटना हुई हो। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में स्थित एक आरा मशीन में आग लग चुकी है। लंबे समय से ऐशबाग इलाके से आरा मशीनों और टिंबर कारोबार को शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अब तक यह योजना पूरी तरह सफल नहीं हो पाई है।
प्रशासन द्वारा परवलिया सड़क स्थित छोटे रातीबड़ क्षेत्र में टिंबर कारोबार के लिए स्थान चिन्हित किया गया है, जहां उद्योग विभाग द्वारा आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। इसके बावजूद आबादी के बीच संचालित हो रहे गोदामों और आरा मशीनों से हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।



