छत्तीसगढ़: झाड़ियों में मिली बुजुर्ग की सड़ी-गली लाश, इलाके में फैली सनसनी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम नारागांव-सांकरा मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में एक बुजुर्ग व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने बदबू महसूस की और जब नजदीक पहुंचे तो झाड़ियों के बीच शव पड़ा देख दहशत में आ गए।

तीन दिन पुराना शव होने की आशंका

ग्रामीणों की सूचना पर गुरुर थाना प्रभारी सुनील तिर्की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत को हुए दो से तीन दिन बीत चुके हैं। शव के पास से एक साइकिल भी बरामद हुई है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

लकड़बग्घों ने नोचा शव, फैली दहशत

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से इलाके में तेज बदबू आ रही थी। ग्रामीणों ने सोचा कि शायद कोई जानवर झाड़ियों में मरा पड़ा है। लेकिन गुरुवार रात लकड़बग्घों ने शव को खींचकर सड़क किनारे तक ला दिया और जगह-जगह नोच खाया। इसके बाद सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

मृतक की पहचान, जांच जारी

थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि मृतक की पहचान हेमू राम ठाकुर (62 वर्ष), पिता बैजनाथ ठाकुर, ग्राम पीपरछेड़ी निवासी के रूप में हुई है। शव के पास उनकी साइकिल भी बरामद हुई। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment