अवैध धान परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 150 बोरी धान जब्त

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से धान ले जा रहे एक मेटाडोर वाहन को पकड़कर 150 बोरी धान जब्त किया है। यह कार्रवाई नियमित वाहन जांच के दौरान की गई, जहां संदिग्ध स्थिति में मेटाडोर को रोककर तलाशी ली गई।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब वाहन की जांच कर रही थी, उसी दौरान मेटाडोर में भारी मात्रा में धान पाया गया। पूछताछ के समय चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही वह जमीन की पर्ची, मंडी टोकन अथवा अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया।

रतनपुर थाना प्रभारी टीआई निलेश पांडेय ने बताया कि बीते कुछ दिनों से धान के अवैध परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए विशेष कार्रवाई की योजना बनाई गई। सोमवार को सूचना मिली कि माजदा वाहन क्रमांक CG-10 BV-6881 में अवैध रूप से धान ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बारीडीह के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 150 बोरी धान बरामद हुई। वाहन चालक की पहचान कोटा क्षेत्र के नेवरा निवासी रामेश्वर ध्रुव (37) पिता प्यारेलाल ध्रुव के रूप में हुई। चालक ने स्वीकार किया कि वह बिना किसी वैध दस्तावेज के धान खरीदकर खरगहनी से तेंदुआभाठा ले जा रहा था।

पुलिस ने तत्काल धान जब्त कर मामले की जानकारी तहसीलदार और खाद्य विभाग को दी। आगे की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण खाद्य निरीक्षक को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस चालक से पूछताछ कर जब्त धान के स्रोत और गंतव्य की जानकारी जुटा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment