छत्तीसगढ़ में प्राचार्य पदोन्नति आदेश पर शिक्षकों की निगाहें, जल्द होगा फैसला

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में प्राचार्य पदोन्नति का विषय लंबे समय से लंबित था, लेकिन अब इसके समाधान की उम्मीदें प्रबल हो गई हैं। 28 अगस्त 2025 को शिक्षक कांग्रेस के प्रांताध्यक्ष एवं प्राचार्य पदोन्नति फोरम के संयोजक अनिल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात की। इस बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने पदोन्नत प्राचार्यों के पदस्थापना आदेश 29 अगस्त तक जारी करने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि 20 से 23 अगस्त तक टी संर्गव के व्याख्याताओं और प्रधान पाठकों की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब केवल पदस्थापना आदेश जारी किया जाना बाकी है। यदि आदेश 29 अगस्त तक जारी हो जाता है तो पदोन्नत प्राचार्य 30 अगस्त, शनिवार को अपने-अपने स्कूलों में कार्यभार ग्रहण कर सकेंगे।

लेकिन यदि आदेश में विलंब हुआ तो 31 अगस्त को रविवार होने की वजह से शिक्षकों को कार्यभार ग्रहण करने का अवसर नहीं मिलेगा और वे पदोन्नति के लाभ से वंचित रह जाएंगे। इसी कारण शिक्षकों ने सरकार से समय पर आदेश जारी करने की मांग की है।

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांग पर विचार किया जाएगा और आवश्यक कदम जल्द ही उठाए जाएंगे। यह आश्वासन शिक्षकों के लिए राहत का संकेत है और इससे उम्मीद जगी है कि प्राचार्य पदोन्नति का रास्ता बहुत जल्द साफ हो जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment