मोहला-मानपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस से मात्र दो दिन पहले सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बंडापहाड़ के घने जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में दो कुख्यात नक्सली लीडर मारे गए। इनमें विजय रेड्डी पर 90 लाख रुपये और लोकेश सलामे पर 26 लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह ऑपरेशन भारी बारिश के बावजूद मदनवाड़ा और सीतागांव क्षेत्र में जिला पुलिस एवं डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों द्वारा पूरी रणनीति के साथ अंजाम दिया गया।
मुठभेड़ स्थल से एक इंसास रायफल, एक 303 रायफल, कपड़े, दवाइयां और दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं बरामद हुईं, जो यह दर्शाता है कि नक्सली लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय थे। इस कार्रवाई से न केवल इलाके में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है, बल्कि स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास बढ़ा है। स्वतंत्रता दिवस से पहले मिली इस सफलता ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए नक्सलियों के मनोबल को कमजोर कर दिया है।



