अंबिकापुर: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के रूपपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार को विद्यालय के प्रधानपाठक मनमोहन सिंह शराब के नशे में, हाफ पैंट और ‘बोल बम’ लिखे भगवा वस्त्र पहनकर स्कूल पहुंचे।
इस दौरान ग्रामीणों ने जब उनसे नशे में आने का कारण पूछा, तो उन्होंने कहा— “मेरा पैर फ्रैक्चर है और डॉक्टर ने इलाज के तौर पर प्रतिदिन 100-200 ग्राम पीने की सलाह दी है।”
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधानपाठक को विद्यालय में मेज़ पर पैर रखकर आराम करते और कुछ देर बाद बच्चों को पढ़ाते हुए देखा गया।
ग्रामीणों के अनुसार, यह पहला मौका नहीं है जब प्रधानपाठक नशे की हालत में स्कूल आए हों। 40 से अधिक विद्यार्थियों वाले इस विद्यालय में एक और शिक्षक भी कार्यरत हैं, लेकिन प्रधानपाठक समय पर नहीं आते, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पहले भी उनके खिलाफ कई शिकायतें हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानपाठक पर शराब पीकर स्कूल आने के कारण दो बार कारण बताओ नोटिस जारी हो चुका है। इस बार वाड्रफनगर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल ने उन्हें अंतिम चेतावनी का नोटिस दिया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वीडियो के आधार पर जांच प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर बलरामपुर को भेजा गया है, जिसमें प्रधानपाठक के निलंबन की अनुशंसा की गई है।







