नई दिल्ली।लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी जी को संसद में स्पष्ट रूप से कहना चाहिए कि डोनाल्ड ट्रंप झूठ बोल रहे हैं।
राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए उसे पाकिस्तान सरकार की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि इस हमले में बुजुर्गों और युवाओं की निर्मम हत्या हुई, जिसकी सभी दलों ने एकजुट होकर आलोचना की।
INDIA गठबंधन सेना के साथ खड़ा था
राहुल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने से पहले ही विपक्ष और INDIA गठबंधन ने तय कर लिया था कि वे सरकार और सेना के साथ चट्टान की तरह खड़े रहेंगे। “हमने कोई बयानबाजी नहीं की, क्योंकि हमें जिम्मेदारी समझ आई।”
1971 युद्ध और इंदिरा गांधी का जिक्र
राहुल गांधी ने राजनाथ सिंह के 1971 युद्ध की तुलना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उस समय इंदिरा गांधी ने राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाई थी और सेना को पूरी रणनीतिक स्वतंत्रता दी थी। उन्होंने कहा, “एक लाख पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया, और एक नया देश बना।”
‘आपने पाकिस्तान को बता दिया कि लड़ाई नहीं चाहते’
राहुल ने सरकार पर आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ही 1.35 बजे पाकिस्तान को कॉल कर यह बता दिया गया कि भारत कोई और कार्रवाई नहीं चाहता। इससे यह संकेत गया कि सरकार के पास लड़ने की राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं थी।
‘हमने कुछ विमान गंवाए’
राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत ने कुछ विमान इसलिए खो दिए क्योंकि सैन्य प्रतिष्ठानों और एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला करने की अनुमति नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा, “आपने अपने पायलटों से कहा कि पाकिस्तान की एयर डिफेंस पर हमला मत करना।”






