देवघर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच कांवड़ियों की जान चली गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।
बस में कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालु सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक अनियंत्रित हो गई और ड्राइवर अपनी सीट सहित सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बस लगभग 100 मीटर तक बिना ड्राइवर के ही चलती रही और फिर एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में जिन पांच कांवड़ियों की मौत हुई, उनमें से चार बिहार राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस दुर्घटना में घायल हुए 23 कांवड़ियों में से कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
इससे पहले, गोड़ा के सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी थी कि इस हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, बाद में समाचार एजेंसियों ने स्पष्ट किया कि 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और शेष घायल हैं।







