मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, तीन कॉल के बाद अलर्ट मोड पर पुलिस

Madhya Bharat Desk
1 Min Read

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ने शुक्रवार शाम मुंबई में अफरा-तफरी मचा दी। मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक नहीं बल्कि तीन बार फोन कॉल कर धमाका होने की चेतावनी दी गई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और एयरपोर्ट पर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों फोन कॉल अज्ञात नंबरों से किए गए थे, जिनमें टर्मिनल-2 पर बम होने की बात कही गई थी। कॉलर ने कहा कि “कुछ ही देर में जोरदार धमाका होगा”। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वाड को तुरंत एयरपोर्ट भेजा गया और व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

करीब एक घंटे तक चले इस तलाशी अभियान में पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि राहत की बात यह रही कि यह धमकी झूठी निकली, लेकिन पुलिस इसे हल्के में नहीं ले रही है।

मुंबई पुलिस ने धमकी भरे कॉल्स की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि कॉल किए गए नंबर असम या पश्चिम बंगाल से संबंधित हो सकते हैं। कॉलर की पहचान और मकसद का पता लगाने के लिए टेक्निकल टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment