बिलासपुर:जहाँ न्याय की उम्मीद लेकर लोग कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाते हैं, वहीं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित फैमिली कोर्ट परिसर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। एक महिला वकील और महिला फरियादी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। वीडियो में वकील और फरियादी पक्ष के बीच तीखी बहस और मारपीट साफ दिखाई दे रही है।
फीस ली, केस से मुकर गईं वकील?
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि वकील ने पहले मुकदमा लड़ने के नाम पर फीस ली, लेकिन बाद में केस से इनकार कर दिया। जब महिला और उसके परिजन इस बारे में पूछताछ करने कोर्ट पहुंचे, तो वकील ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
न्याय की जगह अव्यवस्था
इस पूरी घटना ने अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कोर्ट में जहां शांति और मर्यादा अपेक्षित होती है, वहां इस तरह की हिंसात्मक घटनाएं न केवल आम लोगों के भरोसे को तोड़ती हैं, बल्कि वकीलों की छवि पर भी आंच लाती हैं।
वीडियो बना सबूत
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला वकील द्वारा फरियादी और उसके परिजनों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है। वहीं दूसरी ओर वकील पक्ष ने भी अपने बचाव में कुछ आरोप लगाए हैं। इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।



