छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी रफ्तार से सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश जारी है। लगातार बारिश के कारण नदियाँ और नाले उफान पर आ गए हैं और सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और गरज-चमक की संभावना है। दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग में एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में बने निम्न दबाव के प्रभाव के चलते यह सिस्टम धीरे-धीरे झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। इससे अगले 48 घंटे तक प्रदेश में व्यापक वर्षा के आसार हैं।
वेदर एक्सपर्ट्स के अनुसार, आने वाले दिनों में दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश और वज्रपात की संभावना है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता में गिरावट आ सकती है, जिससे आम जनजीवन को थोड़ी राहत मिल सकती है।
राजधानी रायपुर में बीते कई दिनों से रुक-रुक कर वर्षा हो रही है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई सड़कों पर पानी भरने से यातायात बाधित हो गया है। पिछले 24 घंटों में राज्यभर में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।







