रायपुर में चॉइस सेंटर में लाखों की चोरी: शटर और CCTV तोड़कर 86 हजार कैश और मोबाइल ले उड़ा चोर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर जिले के धरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक चॉइस सेंटर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर ने दुकान का शटर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लगभग एक लाख रुपए का माल पार कर दिया। इस वारदात ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है।

घटना 5 जुलाई की रात 2 बजे से सुबह 5:30 बजे के बीच की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित विद्याभूषण वर्मा ने थाना धरसींवा में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनका चॉइस सेंटर रैता गांव में स्थित है। चोर ने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा, फिर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसा और गल्ले में रखे करीब 86 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल को चुरा लिया।

इस मामले में धरसींवा पुलिस ने विद्याभूषण वर्मा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी कर रही है।

पुलिस का मानना है कि चोर ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया है, क्योंकि उसने सबसे पहले निगरानी कैमरे को निष्क्रिय किया और फिर आसानी से दुकान में घुसकर चोरी की। घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और वे सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment