नोएडा में सोमवार सुबह उस वक्त हालात अचानक बिगड़ गए जब वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का गुस्सा उग्र हो गया। शांतिपूर्ण विरोध के तौर पर शुरू हुआ प्रदर्शन कुछ ही समय में हिंसक रूप ले बैठा।
शहर के सेक्टर-60, सेक्टर-62, सेक्टर-63 और फेज-2 इलाके में कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कई प्रमुख मार्गों को जाम कर दिया, जिससे सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी। कई वाहनों को निशाना बनाया गया और आग के हवाले कर दिया गया। इतना ही नहीं, एक पुलिस जीप को पलटकर उसमें भी तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फेज-2 के औद्योगिक क्षेत्र, खासकर होजरी कॉम्प्लेक्स और मदरसन फैक्ट्री के आसपास हालात ज्यादा तनावपूर्ण रहे। वहीं सेक्टर-62 गोल चक्कर और सेक्टर-60 मेट्रो स्टेशन के पास भी लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू कर दी। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस संयम के साथ स्थिति को संभाल रही है और श्रमिकों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

बताया जा रहा है कि ये कर्मचारी लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे थे, लेकिन मांगें पूरी न होने के कारण उनका आक्रोश इस तरह फूट पड़ा। सोमवार होने के कारण ट्रैफिक का दबाव पहले से ही ज्यादा था, ऐसे में इस विरोध प्रदर्शन ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
फिलहाल प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा है और प्रदर्शनकारियों से बातचीत जारी है।







